सिलीगुड़ी, ०१ जून (सिलीगुड़ी क्रॉनिकल) – सोमवार को लोक भवन में पश्चिम बंगाल की नई मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर बंगाल को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला।
राज्य के समग्र विकास को ध्यान में रखकर गठित नई मंत्रिपरिषद में उत्तर बंगाल के १० विधायकों को स्थान मिलने से सिलीगुड़ी समेत पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पिछली मंत्रिपरिषद में उत्तर बंगाल से केवल निशीथ प्रमाणिक शामिल थे। हालांकि, नई मंत्रिपरिषद में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व काफी बढ़ गया है।
उत्तर बंगाल से शामिल मंत्रियों में चार को कैबिनेट मंत्री, एक को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा पांच को राज्य मंत्री बनाया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद सिलीगुड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाइयाँ बांटकर खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता नंटू पाल ने कहा कि पहली बार उत्तर बंगाल को राज्य मंत्रिपरिषद में इतना बड़ा प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही उपेक्षा की समस्याओं का समाधान होगा।
भाजपा नेता रीता साहा ने भी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय तक उपेक्षित रहने के बाद अब उत्तर बंगाल तेजी से विकास की ओर अग्रसर होगा।

